हरियाणा के गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर से दबंगों की गुंडागर्दी देखने को मिली हैI यहां स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने बाइकर्स के ऊपर हमला कर दियाI इसका वीडियो भी सामने आया हैI गुरुग्राम में नाश्ता करने पंचगांव जा रहे बाइक सवारों पर काले रंग की स्कॉर्पियो सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उन्हें पीछे से टक्कर मारकर गिराने की कोशिश की, फिर स्कॉर्पियो को बाइकों के आगे अड़ा दिया और स्टील के बेसबैट से पीटना शुरू कर दिया।इस हमले में फूड डिलीवरी कंपनी का सॉफ्टवेयर डेवलपर गंभीर रूप से घायल हो गया है। आरोपियों ने लोहे के बैट से 11 लाख कीमत की कावासाकी जी-900 बाइक भी तोड़ दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए। ग्रुप के सदस्यों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बाइक सवारों और राहगीरों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है, जिसमें स्कॉर्पियो सवार युवकों की गुंडागर्दी साफ नजर आ रही है।पुलिस को दी सूचना में हार्दिक ने बताया कि वह अपने बाइक राइडर्स दोस्तों के साथ रविवार सुबह एंबियंस मॉल साइबर सिटी से पंचगांव में ब्रेकफास्ट करने के लिए निकला था। ग्रुप के सभी दोस्तों के पास महंगी बाइक थी।

जब वे द्वारका एक्सप्रेसवे पर चल रहे थे तो एक काले रंग की स्कॉर्पियो (DL4CBE1750) में सवार लोगों ने उनकी बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मारने का प्रयास किया। संयोग से टक्कर नहीं लग पाई, लेकिन आरोपियों ने हंगामा करते हुए उनकी बाइकों के सामने अपनी स्कॉर्पियो अड़ा दी। स्कॉर्पियो सवार लोगों ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें परेशान करना शुरू किया। उनसे बचने के लिए उन्होंने द्वारका एक्सप्रेसवे के नीचे वाली सड़क पर एक तरफ रुकने का फैसला किया, ताकि स्कॉर्पियो को रास्ता दिया जा सके, लेकिन स्कॉर्पियो ड्राइवर ने अपनी गाड़ी उनके सामने रोक दी और उतरकर हमला शुरू कर दिया। वे सभी नशे में थे और उन्होंने सभी बाइक सवारों को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने हार्दिक के दोस्तों को मारने की कोशिश की और उनकी बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया।हार्दिक ने बताया कि बीच-बचाव करने की कोशिश की तो एक हमलावर ने उसके सिर पर स्टील के बेसबैट से वॉर किया। हेलमेट के कारण उसकी जान बच गई, लेकिन हमलावरों ने बाइक को तोड़ दिया। इस दौरान आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर हमलावर स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग गए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी दे गए।

बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली में जिम चलाते हैं और नशा करने गुरुग्राम आते हैं और ड्राइविंग स्टंट करते हैं। इतना ही नहीं जिम में गन कल्चर के गानों पर वीडियो बनाते हैं। उनके इंस्टाग्राम पेज पर इस तरह के काफी वीडियो अपलोड हैं। सेक्टर 37 पुलिस स्टेशन के SHO शाहिद अहमद के मुताबिक आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो के नंबर (DL4CBE1750) के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हमलावर नशे की हालत में थे, जिसके कारण उनकी हरकतें और भी खतरनाक हो गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!