हरियाणा के फतेहाबाद में पकड़े गए हनीट्रैप गैंग की असली मास्टर माइंड सुमन सिवाच निकली है। पहले पुलिस ने रितु सिवाच को पकड़ा था। सुमन उसकी बड़ी बहन है। दोनों बहनें इंस्टाग्राम पर खूब एक्टिव रही हैं। पुलिस का दावा है कि सुमन अश्लील रील्स पोस्ट करके शिकार फंसाती थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुमन के इंस्टा पर 46 हजार 800 फॉलोअर्स हैं। वह मार्च 2025 से अब तक 917 पोस्ट डाल चुकी है। ज्यादातर वीडियो में वह अंग प्रदर्शन करती नजर आती है। आधे से ज्यादा वीडियोज में वो अकेली दिखती है जबकि कुछ में बहन रितु और अन्य महिलाएं हैं।

फतेहाबाद में केस दर्ज होने के बाद सुमन अंडरग्राउंड हो गई थी। वह अपने चार बच्चों को साथ लेकर भिवानी में किराए के मकान में रहने लगी। इसी बीच बुधवार को वो रोडवेज बस में फतेहाबाद आ रही थी। मुखबरी के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक सुमन पर राजस्थान के भादरा क्षेत्र के भिरानी थाने में भी केस दर्ज है। इसमें जबरन वसूली, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश की धाराएं लगी हैं। उस केस में सुमन के पिता रामफल और बहन नीतू भी आरोपी हैं। अब पुलिस को सुमन की दोस्त रीना और अर्जुन की तलाश है। पुलिस पूछताछ में सुमन की नाबालिग बेटी ने बताया है कि वह अपनी मां और मौसी के कहने पर कमरे में बैठी थी।

इस मामले में एसपी निकिता खट्‌टर ने डीएसपी संजय बिश्नोई, सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्र, बस स्टैंड चौकी इंचार्ज सुमित कुमार की तीन सदस्यीय एसआईटी बनाई थी। 7 मई को इस मामले में हुडा चौकी में तैनात रहे हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, एचकेआरएन के तहत पुलिस को मिले ड्राइवर सुनील कुमार और इंस्टा क्वीन रितु सिवाच को पुलिस ने अरेस्ट किया।

एसआईटी तीसरे पुलिसकर्मी को क्लीन चिट दे चुकी है। उसको हेड कांस्टेबल राकेश साथ लेकर आया था। अब इस मामले में सुमन के रूप चौथी गिरफ्तारी हुई है। सुमन की सहेली रीना और उसका दोस्त अर्जुन की तलाश चल रही है।

इस मामले में शंकर, उसकी पत्नी अजय देवी, रितु, उसकी बड़ी बहन सुमन, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, एचकेआरएन ड्राइवर सुनील कुमार, सुमन की सहेली रीना और अर्जुन समेत 8 लोगों की भूमिका की जांच हुई।

शंकर और उसकी पत्नी अजय देवी को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया था, क्योंकि ब्लैकमेलिंग में उनका सीधे तौर पर कोई रोल नहीं माना गया। अजय देवी, रितु और सुमन की फ्रेंड है, जो उनके साथ इंस्टाग्राम पर वीडियो भी बनाती रही है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि 6 मई को सतपाल के साथ जिस लड़की को बैठाया गया था, वो सुमन की नाबालिग बेटी है। पुलिस का कहना है कि कुंवारे शिकार फंसाने के लिए नाबालिग को चारे की तरह इस्तेमाल किया गया।
राजस्थान में जिस व्यक्ति की शिकायत पर सुमन के खिलाफ केस दर्ज है, उसने दैनिक भास्कर एप को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच हो तो राजस्थान में भी ऐसे कई मामले सामने आ सकते हैं। खासकर ऐसे कुंवारों को टारगेट किया जाता है, जिनकी उम्र ज्यादा हो रही है।

सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि इस मामले में हुडा चौकी से हेड कांस्टेबल राकेश, एचकेआरएन ड्राइवर सुनील कुमार, रितु सिवाच और अब उसकी बड़ी बहन सुमन को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेजा जा चुका है। अभी आगे भी जांच की जा रही है। दो और आरोपी रीना और अर्जुन की तलाश की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या राजस्थान में भी इस गिरोह ने लोगों को शिकार बनाया है। कई बार लोग सामाजिक शर्म के चलते सामने नहीं आते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!