रोहतक। रोहतक जिले के गांव शिमली के पास रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब टायर फटने के बाद सड़क किनारे खड़े वाहन का पहिया बदला जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की गाड़ी ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।

मृतकों की पहचान नगेंद्र निवासी खाकेताल, थाना बेवर (उत्तर प्रदेश), भोला निवासी सुनारिया चौक, रोहतक और मुकेश निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में घायल अंशुल को PGI के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे से 10 मिनट पहले पत्नी से की थी बात

हादसे में जान गंवाने वाले मुकेश ने दुर्घटना से करीब 10 मिनट पहले अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। उसने पत्नी को बताया था कि वह दिवाली पर घर आएगा। उसने कहा था कि वीरवार को घर पहुंचने के बाद दोनों दिवाली की खरीदारी करेंगे।

परिवार को उम्मीद थी कि मुकेश कुछ दिन बाद घर लौटेगा, लेकिन सोमवार को उसके पास पहुंची खबर ने परिवार को झकझोर दिया।

टेंट का सामान लेकर झज्जर से लौट रहे थे

यूपी निवासी सूरज ने बताया कि वे ढाका टेंट हाउस में काम करते हैं। रविवार को झज्जर से टेंट का सामान लेकर रात करीब 11 बजे लौट रहे थे। गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे।

गांव शिमली के पास पहुंचने पर उनकी गाड़ी का टायर फट गया। इसके बाद सभी लोग नीचे उतरकर टायर बदलने लगे। इसी दौरान सफेद रंग की एक तेज रफ्तार गाड़ी आई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारकर फरार हो गई।

आज होगा शवों का पोस्टमॉर्टम

हादसे की सूचना मिलने पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर PGI के डेड हाउस में रखवाया। पुलिस के अनुसार, मृतकों के परिजनों की शिकायत पर फरार गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!