हिसार। हिसार के सिविल अस्पताल परिसर स्थित पार्क में मंगलवार सुबह करीब 8 महीने का भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। भ्रूण झाड़ियों के पास पॉलीथिन में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। विभाग ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
डिप्टी सिविल सर्जन ने मौके पर पहुंचकर की जांच
डिप्टी सिविल सर्जन एवं PNDT नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि उन्हें डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा से पार्क में भ्रूण पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
प्रारंभिक निरीक्षण में भ्रूण का सिर पॉलीथिन से बाहर दिखाई दे रहा था। पहली नजर में इसकी उम्र करीब 8 महीने बताई जा रही है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति और अन्य जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सुबह नर्सिंग स्टाफ ने भी देखा था
नर्सिंग स्टाफ के अनुसार, भ्रूण सुबह के समय भी पार्क में पड़ा दिखाई दिया था। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित स्थान की घेराबंदी कर दी, ताकि वहां मौजूद साक्ष्यों से कोई छेड़छाड़ न हो।
प्री-टर्म या होम डिलीवरी की आशंका, जांच जारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशंका जताई जा रही है कि यह प्री-टर्म या घर पर हुई डिलीवरी से जुड़ा मामला हो सकता है। हालांकि, भ्रूण को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। भ्रूण की वास्तविक उम्र, घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदार व्यक्ति का पता जांच के बाद ही चल सकेगा
