हरियाणा में बारिश और आंधी से मिली राहत अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 जून के बीच प्रदेश में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। 11 जून के बाद मौसम फिर करवट लेगा और 11 से 13 जून के दौरान आंधी, गरज-चमक तथा हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली क्षेत्र में 8 से 11 जून के बीच लू की स्थिति बनने की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 10 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।
रोहतक समेत दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में गर्म हवाएं 11 जून तक चलने का अनुमान है। हालिया रिपोर्टों के अनुसार तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। हालांकि 11 से 13 जून के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में तेज हवाएं, गरज-चमक और छिटपुट बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है।

लोगों के लिए सलाह:
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
किसानों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
आंधी-बारिश के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें

मौसम विभाग ने सोमवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 10 जून तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इसके बाद 11 से 13 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

11 से 13 जून के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने और धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। उन्होंने किसानों और आम लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!