हरियाणा में मौसम ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई इलाकों में तेज धूप के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों को दिन-रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 24 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में लू चलने और वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार हरियाणा के 13 जिलों में लू को लेकर ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है, वहीं 8 शहरों में ‘वार्म नाइट’ यानी गर्म रातों की चेतावनी दी गई है। खासतौर पर दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।
तापमान पर नजर डालें तो प्रदेश में रात का पारा सामान्य से करीब 1.7°C अधिक बना हुआ है। 7 शहरों में न्यूनतम तापमान 24°C या उससे ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। इनमें भिवानी, नूंह, नारनौल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला और रोहतक शामिल हैं।

हरियाणा में दिन का पारा तेजी से चढ़ा है। औसतन अधिकतम तापमान में 1.1°C की वृद्धि देखी गई है, जो सामान्य से 2.3°C अधिक है। नारनौल 42.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। रोहतक में 42.2°C, सिरसा में 41.6°C और हिसार में 41.2°C तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4°C की और बढ़ोतरी हो सकती है। भीषण गर्मी के कारण दिन के समय लू के थपेड़े चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

रातों के तापमान में भी 0.7°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7°C ऊपर चल रहा है। जहां फरीदाबाद में रात का तापमान 27.2°C तक पहुंच गया, वहीं यमुनानगर में यह सबसे कम 18.9°C दर्ज किया गया। अंबाला, गुरुग्राम और नारनौल जैसे शहरों में रात का पारा सामान्य से 3.7°C से 4.8°C तक अधिक रहा।

इस वृद्धि के कारण ‘वार्म नाइट’ की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!