सोनीपत, 20 नवंबर। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश करने वाले हरियाणा के एथलीट कुनाल अंतिल को लेकर नया मामला सामने आया है। सोनीपत निवासी 24 वर्षीय कुनाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दूसरे देश के लिए खेलने की इच्छा जताई है। उसका कहना है कि भारत में असली प्रतिभा की कद्र नहीं हो रही और अगर कोई दूसरा देश उसे मौका देता है तो वह वहां 24 घंटे काम करने के लिए तैयार है। यहां तक कि उसने काम के बदले कुछ भी नहीं मांगने की बात कही है।

कुनाल के परिवार के मुताबिक, वह बचपन से ही एथलेटिक्स में मेहनत कर रहा है और जिला व राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में दो दर्जन से अधिक मेडल जीत चुका है। उसका सपना ओलिंपिक में देश के लिए मेडल जीतना था, लेकिन पिछले कुछ समय से खेल और भविष्य को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

15 नवंबर को कोलकाता के SAI सेंटर से निकला था

कुनाल के पिता जगमेंद्र ने बताया कि उनका बेटा जुलाई 2026 में कोलकाता स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) सेंटर में NIS का कोर्स करने गया था। यहां वह 5 किलोमीटर लॉन्ग डिस्टेंस और 1500 मीटर दौड़ की तैयारी कर रहा था।

परिवार का आरोप है कि कोर्स के दौरान कुछ लड़के उसका मजाक उड़ाते थे। इसकी जानकारी भी उसने घर पर दी थी। 15 नवंबर को वह बिना बताए सेंटर से निकल गया। इसके बाद 18 नवंबर को परिवार को दिल्ली पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी की सूचना मिली।

एयरपोर्ट पर CISF ने पकड़ा था

जानकारी के अनुसार, कुनाल दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में बिना वीजा और वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान CISF के जवानों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

परिजनों ने उसकी जमानत करवाकर उसे घर लाया। परिवार के अनुसार, घर लौटने के बाद उसका व्यवहार सामान्य नहीं था और वह चिल्लाकर बात कर रहा था। फिलहाल परिजन उसका इलाज करवा रहे हैं।

कुनाल बोला- दूसरे देश के लिए 24 घंटे काम करने को तैयार

कुनाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यहां वास्तविक प्रतिभा को समझने वाला कोई नहीं है। अगर कोई देश उसे अपने यहां रखकर खेलने का मौका देता है तो वह 24 घंटे काम करने के लिए तैयार है। उसने यह भी कहा कि उसे काम के बदले कुछ नहीं चाहिए।

इससे पहले 12 नवंबर को भी उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर दूसरे देश के लिए खेलने की इच्छा जताई थी।

छठी कक्षा से शुरू किया था खेलों का सफर

कुनाल ने छठी कक्षा से ही खेलों का अभ्यास शुरू कर दिया था। आठवीं कक्षा में वह बहालगढ़ में ट्रेनिंग के लिए जाने लगा। उसने जिला और राज्य स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में करीब दो दर्जन मेडल जीते हैं, जिनमें स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।

उसने ग्रेजुएशन के बाद 2024 में दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी (DCRUST), मुरथल से BPEd किया। इसके बाद MPEd में दाखिला लिया, लेकिन NIS में चयन होने के बाद पढ़ाई छोड़ दी।

पिता बोले- बेटे की मानसिक स्थिति को लेकर चिंतित हैं

पिता जगमेंद्र ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। कुनाल परिवार का इकलौता बेटा है और उसकी एक बहन भी है, जो पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही है।

पिता के अनुसार, खेल और मेडल को लेकर लगातार तनाव में रहने के कारण बेटे की मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है। परिवार फिलहाल उसके इलाज और देखभाल पर ध्यान दे रहा है। कुनाल को 25 नवंबर 2026 को दिल्ली पुलिस के सामने पेश होना है।

दो दर्जन से ज्यादा मेडल जीतने वाले इस युवा एथलीट की एयरपोर्ट पर हुई घटना और विदेश में खेलने की इच्छा ने खेल प्रतिभाओं को मिलने वाले अवसरों और खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!