
फरीदाबाद, 20 नवंबर। हरियाणा के फरीदाबाद में आगरा नहर में कूदकर जान देने की बात कहने वाला 24 वर्षीय युवक जिंदा मिल गया है। युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए करीब 3 मिनट का वीडियो अपने पिता को भेजा था। इसके बाद वह अपनी बाइक और मोबाइल फोन नहर किनारे छोड़कर गायब हो गया। उसके नहर में कूदने की आशंका में SDRF की टीम दो दिन तक तलाश अभियान चलाती रही। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसे हाईवे पर एक ऑटो में बैठे हुए पकड़ लिया।
युवक की पहचान गांव मवई निवासी अरमान खान के रूप में हुई है। वह जोमैटो में डिलीवरी का काम करता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पत्नी के साथ चल रहे विवाद के चलते उसने ससुराल पक्ष को डराने के लिए नहर में कूदने का वीडियो बनाया था।
17 नवंबर को नहर किनारे मिली थी बाइक और मोबाइल
खेड़ी पुल थाना पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह अरमान की बाइक और मोबाइल फोन आगरा नहर के कठला पुल के पास मिले थे। लापता होने से पहले उसने करीब तीन मिनट का वीडियो बनाकर अपने पिता को भेजा था। वीडियो में उसने पत्नी आलिया और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने, धमकाने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए थे।
वीडियो के आखिर में उसने आगरा नहर में कूदने की बात कही थी। सुबह करीब 6 बजे परिजन मौके पर पहुंचे तो अरमान वहां नहीं मिला। उसकी बाइक और मोबाइल नहर किनारे पड़े हुए थे।
SDRF ने दो दिन तक नहर में चलाया सर्च ऑपरेशन
अरमान के लापता होने की सूचना मिलने के बाद खेड़ी पुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के नहर में कूदने की आशंका को देखते हुए SDRF की टीम को बुलाया गया। इसके बाद नहर में लगातार दो दिनों तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिवार के लोग भी उसकी तलाश में जुटे रहे।
वीडियो में पत्नी से कहा- ‘देखो, आपके शक ने क्या किया’
अरमान ने अपने वीडियो में पत्नी आलिया को संबोधित करते हुए कहा था कि उसे हर छोटी-बड़ी बात का हिसाब देना पड़ता था। उसने आरोप लगाया कि पत्नी उस पर शक करती थी और कहां जाता है, किससे मिलता है तथा क्या करता है, इस पर सवाल उठाती थी।
वीडियो में उसने माता-पिता और भाई-बहनों से अलग करने, कर्ज में डुबोने और लगातार परेशान करने के आरोप भी लगाए। उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर धमकाने की बात कही। वीडियो में उसने अपनी पत्नी की गर्भावस्था और बच्चे को लेकर भी कई बातें कहीं थीं।
हाईवे पर ऑटो में बैठा मिला युवक
शुक्रवार सुबह पुलिस थाने के पास हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने ऑटो में बैठे अरमान को पहचान लिया। पुलिस उसे पकड़कर खेड़ी पुल थाने ले गई।
थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, पूछताछ में अरमान ने बताया कि पत्नी और ससुराल पक्ष को डराने के लिए उसने नहर में कूदने का वीडियो बनाया था। इसके बाद वह अपनी बाइक और मोबाइल मौके पर छोड़कर वहां से चला गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जिस युवक की तलाश में दो दिन तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, उसके जिंदा मिलने से पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है।
