“मैं नोएडा सेक्टर-62 की रहने वाली संगीता से करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए मिली थी। संगीता ने मुझे कई बार अलग-अलग जगहों पर ऑर्केस्ट्रा में काम के लिए बुलाया। हर बार उसने तय मेहनताना भी दिया।
हाल ही में उसने मुझे बिहार के बेगूसराय के नावकोठी में एक प्रोग्राम में डांस के लिए बुलाया था। मैं आई थी, लेकिन कुछ पैसे बकाया रह गए थे। मैंने बकाए पैसे की मांग की तो संगीता के साथ रहने वाले अमरजीत ने मेरे साथ दुष्कर्म किया और जबरन देह व्यापार कराने की कोशिश की।”
ये बातें हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली सोनल चौहान (काल्पनिक नाम) ने बेगूसराय पुलिस से कही। देश के अलग-अलग शहरों से लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा के नाम पर बेगूसराय बुलाकर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
सोनल ने संगीता और ऑर्केस्ट्रा चलाने वाले अमरजीत के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अमरजीत और संगीता को गिरफ्तार किया है। साथ ही किराए के मकान से 6 लड़कियों को रेस्क्यू भी किया है।
