नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा की 198 नई एंबुलेंस को गुरुवार दोपहर हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पंचकूला में हरी झंडी देने पहुंचे। विज ने कहा कि ये एंबुलेंस राज्य ने अपने पैसे खरीदी है। अब 635 एंबुलेंस कुल हो गई है। 69 एमएमयू हो गए। शिशु और मातृत्व मृत्यु दर में कमी आएगी। विज ने कहा कि रोगी तक पहुंचने की औसत प्रतिक्रिया समय 14 मिनट है और निकटमत स्वास्थ्य सुविधा में रोगी को पहुंचाने के लिए यह समय 33 मिनट है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा, एनएचएम के एमडी प्रभजोत सिंह, डायरेक्टर हेल्थ वीना सिंह भी मौजूद रही।
NHM के पास पहले इन नई एंबुलेंस के लिए ड्राइवर नहीं थे। इसलिए कोविड के चलते रोडवेज विभाग के चालक इन एंबुलेंस पर तैनात किए गए है। करीब 614 चालक एंबुलेंस चलाएंगे। इसमें से 564 एंबुलेंस पर और 50 मोबाइल मेडिकल केयर यूनिट पर तैनात किए जाएंगे। रोडवेज और एनएचएम के बीच तीन जनवरी को मीटिंग में इस बात पर फैसला हुआ था। रोडवेज विभाग के सरप्लस ड्राइवर को इन एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट पर तैनात किया जा रहा है। इनमें से महेंद्रगढ़ में एक एमएमयू भेजी जाएगी। पहले विभाग के पास 12 एमएमयू हैं। रोडवेज के इन चालकों को रोडवेज विभाग ही वेतन देगा। जब हरियाणा कौशल निगम के माध्यम से नए चालकों की भर्ती हो जाएगी, तब रोडवेज चालक वापस अपने विभाग में चले जाएंगे।
