रोहतक के परस मोहल्ला स्थित पंचायती गोपाल मंदिर को रविवार सुबह 5 बजे चोरों ने निशाना बनाया और मंदिर से भगवान के आभूषण, नकदी और दानपात्र पर हाथ साफ कर दिया। रात को घुसे चोर मंदिर से भगवान के आभूषण, नकदी और दानदात्र से दान चोरी करके फरार हो गए। दानपात्र पिछले करीब एक वर्ष से बंद था और एक दिन बाद ही खोलना था। इससे पहले ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
रोहतक के परस मोहल्ला निवासी दिनेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंचायती गोपाल मंदिर में पुजारी है। हर रोज शाम को पूजा पाठ के बाद मंदिर की लाइट व ताला बंद करके जाते हैं। इसके बाद सुबह आकर खोलते हैं, लेकिन 29 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे आए तो उन्होंने देखा कि मंदिर की लाइट जल रही है और गेट का ताला टूटा हुआ है।
दिनेश ने बताया कि ताले को टूटा देखकर उन्होंने इसकी सूचना कमेटी सदस्यों को दी। कमेटी सदस्यों के साथ मंदिर में जाकर देखा तो पाया कि रात को अज्ञात ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि कोई अज्ञात व्यक्ति रात को ताला तोड़कर घुसा है और भगवान के चांदी के आभूषण, 2 हजार रुपए नकदी व दानपात्र के करीब 20-25 हजार रुपए चोरी कर ले गए।
पुजारी दिनेश ने बताया कि वे मंदिर के दानपात्र को दीपावली के त्योहार पर खोलते हैं। पिछले एक साल से दानपात्र बंद था और अब रविवार को दानपात्र खोलना था। दानपात्र में करीब सालभर का चंदा 20-25 हजार रुपए थे। दानपात्र खोलने से एक दिन पूर्व ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
जब पुजारी व कमेटी सदस्य मंदिर में पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था। जिससे साफ हो रहा था कि मंदिर में चोरी हुई है। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दी। जिसके बाद फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। वहीं पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
