रोहतक में पिछले 11 दिनों से चली आ रही नगर निगम व दमकल विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को समाप्त कर दिया गया है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के साथ हुई नगर पालिका कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। अब शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से शहर वासियों को निजात मिलती नजर आ रही है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था डगमगाई हुई थी।

शहर की सफाई करवाने के लिए प्रशासन द्वारा भी प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन हड़ताली कर्मचारी इसका विरोध कर रहे थे। हड़ताल के चलते प्रशासन ठेका कर्मचारियों के माध्यम से पुलिस पहरे में कूड़ा उठान का प्रयास कर रहा था। जिसका विरोध करते हुए हड़ताली कर्मचारियों ने कूड़ा उठान का काम रोक दिया। इसके लिए हड़ताली कर्मचारियों द्वारा 5 टीमें गठित की गई थी।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने 19 अक्टूबर को अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू की थी। हालांकि शुरुआत में यह हड़ताल केवल दो दिन की थी, लेकिन बाद में इसे आगे बढ़ा दिया। वहीं, अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों पर सरकार द्वारा एस्मा लगाया गया, फिर भी हड़ताल जारी रही।
पिछले 11 दिनों से जारी हड़ताल के कारण शहर में कूड़ा जमा हो गया है। अब सफाई कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद सभी के कंधों पर पहले से जमा कूड़े का उठान करने का जिम्मा रहेगा। क्योंकि गंदगी के कारण लोग परेशानी हैं। इसके लिए शहरवासी भी सफाई करने की मांग कर रहे थे।
