गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल, अटेली, निजामपुर और महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिलने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था से वेटिंग लिस्ट कम होगी और सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी। इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ दिल्ली, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा। इन ट्रेनों में स्लीपर, सामान्य और वातानुकूलित श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 22471/22472 लालगढ़–दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा में अप्रैल माह के दौरान दो अतिरिक्त द्वितीय श्रेणी शयनयान कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन महेंद्रगढ़ स्टेशन पर ठहरती है।

इसी तरह, 20473/20474 दिल्ली सराय–उदयपुर सिटी चेतक एक्सप्रेस में भी दो अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़े जाएंगे, जिनका ठहराव नारनौल और अटेली स्टेशन पर होता है।

इसके अलावा, गाड़ी संख्या 12065/12066 अजमेर–दिल्ली सराय रोहिल्ला जन शताब्दी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त वातानुकूलित कुर्सीयान डिब्बा जोड़ा जाएगा, जिससे नारनौल क्षेत्र के यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।

साथ ही, मदार–रेवाड़ी, रेवाड़ी–फुलेरा और भिवानी–ढेहर बालाजी रेलसेवाओं में सामान्य श्रेणी के तीन से पांच अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। इन सभी ट्रेनों का ठहराव नारनौल, अटेली और निजामपुर स्टेशन पर होता है।

दूसरी ओर, बीकानेर मंडल के चूरू–सादुलपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के कारण कुछ रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। गाड़ी संख्या 14823 जोधपुर–रेवाड़ी एक्सप्रेस 15 से 24 अप्रैल तक केवल लोहारू तक ही चलेगी और लोहारू–रेवाड़ी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी तरह, गाड़ी संख्या 54804 रेवाड़ी–सीकर रेलसेवा भी इस अवधि में केवल लोहारू से संचालित होगी। इस कारण जिले के कनीना खास, गुढ़ा केमला, भोजावास, महेंद्रगढ़, जेरपुर पाली, नांगल डिगरोता, नैनवां और सतनाली स्टेशन प्रभावित रहेंगे।

दोहरीकरण कार्य के चलते गाड़ी संख्या 07706 हिसार–काकिनाडा टाउन स्पेशल रेलसेवा 26 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन हिसार–भिवानी–रेवाड़ी–रींगस मार्ग से गुजरेगी और भिवानी, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशन पर ठहराव करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी रेलसेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!