रोहतक में एक महिला मित्र द्वारा अपने साथी छात्र को 8-10 युवकों से पिटवाने का मामला सामने आया है। जिसमें उसे गंभीर चोटें आई। छात्र को घायल अवस्था में उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भर्ती करवाया गया। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
झज्जर जिले के गांव धौड़ निवासी अरुण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीए फाइनल ईयर का छात्र है। गुरुवार को वह MDU में दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान झज्जर के एक गांव निवासी उसकी महिला मित्र का फोन आया। महिला मित्र ने उसे मिलने के लिए बुलाया। जिसके बाद वह अपनी महिला मित्र से मिलने के लिए सेक्टर-14 में पहुंचा।
इसके बाद दोनों अरुण की गाड़ी में बैठकर आजादगढ़ स्थित होटल में गए। जहां पास में उन्होंने अपनी गाड़ी खड़ी की और बाहर आ गया। कुछ समय बाद जब वह अपनी गाड़ी की तरफ वापस आया तो एक लड़के ने उसे आवाज दी। इसके बाद उक्त युवक ने उसकी गाड़ी का दरवाजा खोला और उसके साथ बैठी महिला मित्र को उतारकर अपनी दूसरी गाड़ी में बैठा दिया।
वहीं उक्त युवक ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर अरुण पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस झगड़े में उसे गंभीर चोटें आई, जिसे उपचार के लिए रोहतक PGI में भर्ती करवाया। उसने आरोप लगाया कि यह षड्यंत्र उसकी महिला मित्र द्वारा रचा गया है। जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया।
पुलिस थाना अर्बन एस्टेट के जांच अधिकारी ASI रविंद्र सिंह ने बताया कि घायल अरुण के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। जिसने बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ आया हुआ था और उस पर करीब 8-10 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
