फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) बडखल में 67 करोड़ रुपये की लागत से 7 सड़कों को मॉडल सड़क के रूप में विकसित करेगा। इन सड़कों पर ग्रीनबेल्ट, सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक, साइन बोर्ड, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, चौराहों पर हाई मास्ट लाइट और नए ट्रैफिक सिग्नल सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विधायक धनेश अद्लखा ने बताया कि इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की ओर से मंजूरी मिल चुकी है।
बड़खल के विधायक धनेश अदलखा ने बताया कि हाल ही में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) की सातवीं बैठक में इन मॉडल सड़कों का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा गया था, जिसे मंजूरी दे दी गई है। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मॉडल सड़कें निम्न मार्गों पर बनाई जाएंगी: चिमनीबाई चौक से मुल्ला होटल, एसीपी एनआईटी ऑफिस से बादशाह खान नागरिक अस्पताल चौक, तिकोना पार्क से ईएसआई चौक, व्यापार मंडल से तिकोना पार्क, चिमनीबाई चौक से एसबीएस चौक, ईएसआई चौक से चिमनीबाई चौक और अस्पताल चौक से हार्डवेयर चौक तक। कुल 7.33 किलोमीटर लंबी ये मॉडल सड़कें लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएंगी।
विधायक धनेश अद्लखा ने बताया कि इन सड़कों के मॉडल सड़क के रूप में विकसित होने के बाद लोगों को पार्किंग की बड़ी सुविधा मिलेगी, क्योंकि मॉडल सड़क के साथ पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे यहां यातायात जाम की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल सिर्फ 7 सड़कों का चयन हुआ है, लेकिन भविष्य में अन्य सड़कों को भी विकसित किया जाएगा।

