हरियाणा में नवंबर के पहले सप्ताह में बड़े नेताओं के दौरों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 1 से 5 नवंबर तक प्रदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन दौरों को लेकर सरकार, प्रशासन और भाजपा संगठन सक्रिय हो गए हैं।
1 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू का कुरुक्षेत्र दौरा
हरियाणा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगी। सुबह 9 बजे वह शक्तिपीठ देवीकूप भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद सुबह 9:50 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और 11 बजे गुरुकुल के कार्यक्रम में शामिल होंगी। दोपहर 12:50 बजे उनकी वापसी निर्धारित है।
रोहतक में नितिन नबीन की पदयात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी 1 नवंबर को रोहतक पहुंचेंगे। सुबह बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर उतरने के बाद वह सुबह 10 बजे सीआर पॉलिटेक्निक ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में रोहतक सहित आसपास के 5-6 जिलों के विधायक, संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। तैयारियों की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता संभाल रही हैं।
5 नवंबर को अमित शाह का करनाल-अंबाला दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को करनाल में सुबह 10 बजे भाजपा की पदयात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा सेक्टर-12 से शुरू होकर महात्मा गांधी चौक तक जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इसके बाद अमित शाह अंबाला छावनी पहुंचेंगे, जहां 1857 की क्रांति के वीरों की स्मृति में बनाए गए प्रदेश के सबसे ऊंचे शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद गांधी मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करेंगे।
तीनों बड़े नेताओं के दौरों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी लगातार कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।



