कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में स्थित भारत के कॉमेडी स्टार कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर फिर से फायरिंग की गई। एक महीने में दूसरी बार फायरिंग हुई है। घटना के वक्त कैफे बंद था। फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी ढिल्लों ने ली है। इसको लेकर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाली है।
सरे पुलिस के अनुसार यह फायरिंग बीती रात हुई। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कैफे की इमारत को नुकसान पहुंचा है। इस कैफे की कुछ समय पहले ही ओपनिंग हुई है।

इससे पहले 10 जुलाई को कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग की गई थी। हमलावर ने फायरिंग का वीडियो भी बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें कैफे के बाहर एक कार में बैठा व्यक्ति गाड़ी के अंदर से लगातार फायरिंग करते दिख रहा है।
इसकी जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। हरजीत सिंह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की लिस्ट में मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में शामिल है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा है।
