हरियाणा के फरीदाबाद में बिहार की सरकारी स्कूल टीचर रितु (37) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रितु की मौत अपनी ससुराल के घर की चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, रितु बिहार के शिक्षा विभाग में सरकारी टीचर थीं और कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल फरीदाबाद के सेक्टर-9 इलाके में आई थीं। 17 जुलाई की दोपहर वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रविवार को बिहार से फरीदाबाद पहुंचे रितु के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी दो दिन तक नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रितु को लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और उसकी मौत हादसा नहीं बल्कि साजिश हो सकती है। रितु की मां चांदनी देवी ने बताया कि उनकी बेटी के पति पंकज शर्मा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट हैं और वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं। मां का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले पंकज ने रितु पर सरकारी नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया था। इसके बाद रितु 14 जुलाई को फरीदाबाद स्थित अपनी ससुराल पहुंची थीं।
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले रितु का अपनी बड़ी जेठानी से विवाद हुआ था। उन्होंने दावा किया कि रितु ने फोन पर इस विवाद की जानकारी भी दी थी। मायके वालों का आरोप है कि रितु को धक्का देकर नीचे गिराया गया और बाद में घटना को हादसा बताने की कोशिश की गई। रितु के चाचा संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद दो दिनों तक परिवार को कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपे जाने की बात कही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि परिवार की शिकायत मिल गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

