पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (15 फरवरी) तीसरा दिन है। फसलों के लिए MSP की गारंटी समेत बाकी मांगें पूरी कराने के लिए वह हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। यहां हरियाणा पुलिस ने 7 लेयर की बैरिकेडिंग और आंसू गैस के गोले छोड़कर 3 दिन से किसानों को रोका हुआ है। किसानों ने आज पंजाब के 6 जिलों में 12 बजे से 4 बजे तक रेल रोकने का ऐलान किया है।
हरियाणा से लगती पंजाब की खनौरी और डबवाली बॉर्डर भी तीन दिन से बंद हैं। उधर, आंदोलन को खत्म करवाने के लिए आज फिर 3 केंद्रीय मंत्री चंडीगढ़ में किसान नेताओं से मीटिंग करेंगे। 7 दिनों में दोनों पक्षों के बीच ये तीसरी मीटिंग होगी।
इस बीच, किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा- केंद्र को आवाज सुननी पड़ेगी, अन्यथा जो होगा ठीक नहीं होगा। हमारी आज केंद्रीय मंत्रियों के साथ मीटिंग है और हम चाहते हैं कि PM मोदी उनसे बातचीत करें ताकि हम अपनी मांगों के समाधान तक पहुंच सकें।
हरियाणा के किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी ने चेतावनी दी है कि सरकार किसानों को न उकसाएं, कहीं ऐसा न हो कि अगला कदम संभालना मुश्किल हो जाए। किसानों की मांग गलत नहीं है। किसान कोई विदेशी सीमा पर नहीं खड़े कि उन पर गोले दागे जा रहे हैं। चढ़ूनी ने आज दोपहर ही यूनियन की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है।
भारतीय किसान यूनियन उगराहां ने आज दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक ट्रेनों को रोकने का ऐलान किया है। पंजाब के 6 जिलों लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और मोगा में ट्रेनों को रोका जाएगा।
दो ट्रेनें आज रद्द रहेंगी (प्रारम्भिक स्टेशन से)
1. गाड़ी संख्या 04753, बठिंडा-श्रीगंगानगर
2. गाड़ी संख्या 04756, श्रीगंगानगर-बठिंडा
दो ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी (प्रारम्भिक स्टेशन से)
1. गाड़ी संख्या 14736, अंबाला–श्रीगंगानगर। ये ट्रेन आज अंबाला से रवाना होगी। बठिंडा तक ही संचालित की गई है। बठिंडा से श्रीगंगानगर तक रद्द रहेगी।
2. गाड़ी संख्या 14735, श्रीगंगानगर-अंबाला। ये ट्रेन आज बठिंडा से रवाना होगी। श्रीगंगानगर –बठिंडा के बीच रद्द रहेगी।
इस ट्रेन का रूट बदला गया
1. गाड़ी संख्या 19612, अमृतसर–अजमेर एक्सप्रेस। यह ट्रेन आज बदले हुए रूट वाया तरनतारन जं.–ब्यास होकर चलेगी।
लुधियाना के दाखा में चोकीमान टोल प्लाजा को फ्री करवाने के लिए इकट्ठा हुए किसान।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने किसान आंदोलन के चलते 18 और 22 फरवरी को होने वाली अपनी दो बड़ी रैलियां कैंसिल कर दीं। ये जानकारी पार्टी की तरफ से दी गई है। इससे पहले पंजाब सरकार ने NRI मिलन समारोह में भी बदलाव किया था। संगरूर में 16 फरवरी को होने वाला NRI मिलन समारोह अब 29 फरवरी, जबकि फिरोजपुर में 22 फरवरी को होने वाला समारोह 27 फरवरी को होगा।
