गुरुग्राम जिले के न्यू पालम विहार इलाके में स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी क्लिनिक का भंडाफोड़ किया है। टीम ने सेक्टर-110 स्थित यादव मार्केट में चल रहे “डॉ. बंगाली जनता सेवा क्लीनिक” पर देर रात छापा मारकर मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई जिला सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. ओम प्रकाश और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। विभाग को लंबे समय से इस क्लिनिक के खिलाफ गुप्त शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रेड की।

बिना डिग्री मरीजों का कर रहा था इलाज

छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि क्लिनिक में एक व्यक्ति बिना किसी मेडिकल योग्यता के मरीजों का इलाज कर रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सुकुमार बिस्वास के रूप में हुई है।

जांच के दौरान अधिकारियों ने आरोपी से मेडिकल डिग्री, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और ड्रग लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। क्लिनिक के पास बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण से जुड़ा प्रमाण पत्र और दवाइयों की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड भी नहीं मिला।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले करीब छह वर्षों से बिना किसी कानूनी अनुमति और मेडिकल डिग्री के इलाके में क्लिनिक चला रहा था।

दवाइयां, सिरिंज और IV सेट बरामद

संयुक्त टीम ने क्लिनिक की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, इस्तेमाल की हुई सिरिंज, IV सेट, ग्लूकोज की बोतलें और अन्य मेडिकल उपकरण बरामद किए। मौके से कुछ लैब रिपोर्ट्स भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल मरीजों को गंभीर बीमारियों का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूलने के लिए किया जाता था।

अधिकारियों ने मौके से 17 अलग-अलग प्रकार की एलोपैथिक दवाइयों और उपकरणों को जब्त कर “VK” मार्का मोहर लगाकर सील कर दिया।

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत बजघेड़ा थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने आरोपी सुकुमार बिस्वास को हिरासत में लेकर सील की गई दवाइयों और दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. ओम प्रकाश की शिकायत पर बजघेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, मेडिकल काउंसिल एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस अवैध क्लिनिक संचालन में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!