हरियाणा के यमुनानगर में बुधवार को जंगल से निकले हाथी और तेंदुए ने लोगों में दहशत फैला दी। हाथी अचानक हाईवे पर आ गया, जिसके चलते करीब 20 मिनट तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और लंबा जाम लग गया। बाद में हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया।
वहीं, एक तेंदुआ पास के गांव में ट्यूबवेल की छत पर बैठा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से घरों में रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील की गई।
वन विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान जंगलों में पानी भरने और भोजन की तलाश में जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और वन्यजीव दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
