हरियाणा के सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में खेल सुविधाओं का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार करने का कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। प्रदेश के 393 सरकारी स्कूलों ने अब तक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर अपनी खेल सुविधाओं की जानकारी अपलोड नहीं की है। इनमें 151 सरकारी हाई स्कूल और 242 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शामिल हैं।
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में डेटा अपलोड को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। सबसे खराब स्थिति हिसार जिले की है, जहां 105 स्कूलों ने अब तक पोर्टल पर जानकारी अपलोड नहीं की। इसके बाद चरखी दादरी के 91 और भिवानी के 69 स्कूलों का डेटा लंबित है। वहीं पानीपत में केवल एक, जबकि जींद, कैथल और नूंह में दो-दो स्कूलों का डेटा अभी भी अपलोड होना बाकी है।

प्रदेश में खेल सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिक्षा विभाग सभी सरकारी स्कूलों से मैदान, खेल उपकरण, कोर्ट, ट्रैक और अन्य खेल संसाधनों की ऑनलाइन मैपिंग करा रहा है। लेकिन कई जिलों में अभी भी स्कूलों ने जानकारी अपलोड नहीं की है। ऐसे में विभाग ने एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि 20 जुलाई के बाद किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विभाग ने यह भी पाया कि कई स्कूलों ने अंतिम सबमिशन के दौरान सिविल स्ट्रक्चर से संबंधित मदों का चयन नहीं किया। ऐसे स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रिपोर्ट का सत्यापन करें और यदि संबंधित विवरण दिखाई नहीं दे रहा है तो संशोधित रिपोर्ट दोबारा अपलोड करें।
तकनीकी समस्या आने पर स्कूलों के प्रभारी 0172-5049801 हेल्पडेस्क पर कार्यदिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकेंगे। संपर्क करते समय संबंधित स्कूल कोड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

