फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित BPCL CNG पंप पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब CNG भरवाते समय एक टाटा डंपर में लगा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि CNG भरने वाली मशीन उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में डंपर चालक, उसका सहायक और पंप ऑपरेटर घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।

CNG भरवाते समय हुआ जोरदार धमाका

जानकारी के अनुसार सूरजकुंड रोड स्थित BPCL CNG पंप पर एक टाटा डंपर CNG भरवाने के लिए पहुंचा था। डंपर में कुल चार गैस सिलेंडर लगे हुए थे। पंप ऑपरेटर डंपर में CNG भर रहा था। इसी दौरान अचानक चार में से एक गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।

धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज आसपास के कई किलोमीटर क्षेत्र में सुनाई दी। अचानक हुए विस्फोट के बाद पंप परिसर में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सिलेंडर का हिस्सा दूर जा गिरा, मशीन भी उखड़ी

गैस सिलेंडर फटने के बाद उसका एक हिस्सा धमाके के साथ दूर जा गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा CNG भरने वाली मशीन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मशीन अपनी जगह से उखड़ गई और पंप पर काफी नुकसान हुआ।

गनीमत रही कि हादसे के समय CNG पंप पर ज्यादा वाहन मौजूद नहीं थे। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

तीन लोग घायल

हादसे में डंपर चालक के सिर में चोट लगी, जबकि उसके सहायक के कान में चोट आई है। वहीं CNG मशीन के पास मौजूद पंप ऑपरेटर के पैर में चोट लगी। हादसे के तुरंत बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में उपचार के बाद उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि डंपर में लगे गैस सिलेंडर में से एक के फटने के कारण यह हादसा हुआ है। हादसे में तीन लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन तीनों सुरक्षित हैं। पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!