पंचकूला। छठ महापर्व के बाद पंचकूला के सेक्टर-21 में सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने का मामला सामने आया है। घग्गर घाट से महज 200 मीटर की दूरी पर शराब के ठेके के बाहर सड़क किनारे कई लोग कतार में बैठकर शराब पीते नजर आए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात छठ पूजा संपन्न होने के बाद जब शहर की सड़कों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई थी, उसी दौरान ठेके के बाहर सड़क किनारे शराब की महफिल सजी हुई थी। वीडियो में कई लोग हाथों में शराब की बोतलें लेकर सड़क किनारे बैठे दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि देर रात तक अलग-अलग समूहों में लोग वहां पहुंचते रहे और खुलेआम शराब पीते रहे। हैरानी की बात यह है कि इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में इस गतिविधि को रोकने के लिए कोई पुलिसकर्मी मौके पर नजर नहीं आया।

600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की लगाई गई थी ड्यूटी

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पंचकूला पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। प्रशासन के अनुसार, जिले में 600 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने भी सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। इसके अलावा घाटों और आसपास के इलाकों में ERV, PCR और पुलिस राइडर के माध्यम से लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए थे।

तीन राज्यों से पहुंचे थे श्रद्धालु

छठ महापर्व के अवसर पर घग्गर नदी और सेक्टर-21 समेत पंचकूला के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। पंचकूला के अलावा चंडीगढ़, जीरकपुर, डेराबस्सी, बद्दी और परवाणू से भी लोग पूजा करने आए थे।

ऐसे में घाट के नजदीक ही सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने का वीडियो सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी ने भी की पूजा

सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट पर आयोजित छठ महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी भी पहुंची थीं। उन्होंने छठी मैया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

फिलहाल सामने आए वीडियो ने पुलिस प्रशासन की निगरानी और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी रोकने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!