चंडीगढ़। हरियाणा में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। 16 नवंबर से प्रदेश के स्कूलों में नया टाइम टेबल लागू हो गया है। अब सामान्य पारी वाले स्कूल सुबह 9:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 3:30 बजे छुट्टी होगी। शिक्षा विभाग ने सर्दी के मौसम को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की है, ताकि विद्यार्थियों को सुबह की ठंड में स्कूल जाने से राहत मिल सके।
शिक्षा विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सर्दियों में 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सामान्य पारी वाले स्कूलों का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रहेगा। गर्मियों के मुकाबले अब विद्यार्थियों को सुबह स्कूल पहुंचने के लिए पहले की तरह जल्दी नहीं उठना पड़ेगा।
डबल शिफ्ट वाले स्कूलों का भी बदला समय
प्रदेश में दोहरी पारी में संचालित होने वाले स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। इनका नया टाइम टेबल इस प्रकार रहेगा:
- पहली पारी: सुबह 7:55 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक।
- दूसरी पारी: दोपहर 12:40 बजे से शाम 5:15 बजे तक।
निजी स्कूलों पर भी लागू होंगे निर्देश
दूसरी तरफ कई निजी स्कूल अभी भी पुराने समय के अनुसार संचालित हो रहे हैं। कुछ स्कूल सुबह 8:30 बजे तो कुछ सुबह 9 बजे से कक्षाएं लगा रहे हैं। इस कारण अभिभावकों को बच्चों को सुबह जल्दी तैयार करके भेजने में परेशानी हो रही है।
अभिभावकों ने मांग की है कि निजी स्कूलों को भी शिक्षा विभाग की ओर से निर्धारित शीतकालीन समय-सारणी का पालन करना चाहिए, ताकि सरकारी और निजी स्कूलों के समय में एकरूपता रहे।
शिक्षा विभाग के आदेशों का करना होगा पालन
महेंद्रगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारी विश्वेश्वर शर्मा ने बताया कि स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर विभाग के स्थायी आदेश हैं। इनके अनुसार 16 नवंबर से नया समय लागू हो गया है। निजी स्कूलों को भी निर्धारित समय के अनुसार संचालन करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके लिए बीईओ के माध्यम से स्कूल मुखियाओं को भी सूचित किया जाएगा।
इस बदलाव से प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सर्दियों में सुबह की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।
