हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आई एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी कंसल्टेंट डॉक्टर डॉ. शैलेंद्र कुमार शैली को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सामने आने के बाद आरोपी डॉक्टर अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह नाबालिग की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। आयोग ने पीड़िता की सुरक्षा, काउंसलिंग और पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ-साथ मामले की विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट जल्द भेजने के निर्देश दिए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग आरोपी डॉक्टर की सेवाएं पहले ही समाप्त कर चुका है।

पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी पहली बार 25 मई को उनके साथ अस्पताल आई थी। 29 मई को पेट दर्द की शिकायत होने पर वह दोबारा अस्पताल पहुंचे। उस समय पिता भी बुखार से पीड़ित थे। आरोप है कि डॉक्टर ने पिता को पुरुष वार्ड और बेटी को महिला वार्ड में भर्ती कर दिया।

शिकायत में कहा गया है कि बाद में जब पिता बेटी से मिलने पहुंचे तो वह डरी-सहमी और गुमसुम बैठी थी। काफी पूछने पर उसने रोते हुए डॉक्टर द्वारा किए गए यौन उत्पीड़न की जानकारी दी। इसके बाद उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया।

पिता के अनुसार, डॉक्टर ने जांच के बहाने अपनी ओपीडी में नाबालिग को बुलाया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। आरोप है कि घटना के दौरान लड़की को गंभीर शारीरिक पीड़ा हुई और बाद में ब्लीडिंग शुरू हो गई। ब्लीडिंग होने के बाद उसे महिला वार्ड में भर्ती कर दिया गया।

पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे उसी रात करीब साढ़े आठ बजे इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया। इलाज के दौरान लड़की ने वरिष्ठ डॉक्टरों को पूरी घटना बताई। इसके बाद गायनोलॉजिस्ट द्वारा जांच की गई और मेडिकल परीक्षण में यौन उत्पीड़न के संकेत मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

जांच के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह अपने पिता के साथ रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!