हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में माइनिंग कारोबार से जुड़े ठेकेदार सुनील भाटिया उर्फ बंटी पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गंभीर रूप से घायल 36 वर्षीय सुनील भाटिया का पहले आदेश मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण देर रात उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने घटना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। सीआईए और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं। हालांकि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस माइनिंग कारोबार से जुड़े एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात सुनील भाटिया कल्याणा गांव से जलेबी पुल के पास अपनी मोटर पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही सुनील गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

सुनील भाटिया के पास काम करने वाले मुंशी हन्नी ने बताया कि हमलावर पहले से ही मौके पर मौजूद थे और सुनील का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने मिट्टी डलवाने का बहाना बनाया। चूंकि सुनील उन्हें पहचानते नहीं थे, इसलिए उन्होंने पहले उनका नाम पूछा और मोबाइल नंबर लेकर पहचान की पुष्टि की।

मुंशी के मुताबिक बातचीत के बाद जब सुनील वापस जाने लगे तो हमलावरों ने उन्हें आवाज देकर पीछे मुड़ने के लिए कहा। जैसे ही वह पीछे मुड़े, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 4 से 5 गोलियां चला दीं। पहली गोली उनकी जांघ में लगी जबकि दूसरी गोली कंधे में जा धंसी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक पर फरार हो गए।

थाना शाहाबाद के SHO जगदीश टामक ने बताया कि पुलिस ने सुनील के दोस्त संजीव की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CIA-1, CIA-2, CIA लाडवा, थाना शाहाबाद और सिटी चौकी समेत पांच पुलिस टीमें काम कर रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!