हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हवा की दिशा बदलने से सुबह और शाम के समय हल्की धुंध देखी जा सकती है। आज भी हिसार, भिवानी, फरीदाबाद, सिरसा, रोहतक आदि जिलों में सुबह के समय धुंध छाई रही। वहीं, सोनीपत में धुंध के कारण विजिबिलिटी लगभग शून्य रही।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश में एक के बाद एक 2 पश्चिमी विक्षोभ आ सकते हैं। 31 जनवरी की रात से 5 फरवरी तक बारिश की संभावना है।

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से फसलों को फायदा होगा। खासकर गेहूं की पैदावार बढ़ाने के लिए बारिश फायदेमंद होगी। बता दें कि हरियाणा में लगातार दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

इसे लेकर हाल ही में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) की ओर से एडवाइजरी जारी की गई थी और किसानों से लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया। कृषि वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में होने वाली बारिश को देखते हुए किसानों को सिंचाई रोकने को कहा है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में 5 फरवरी तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 31 जनवरी की देर रात और 1 फरवरी को राज्य में आंशिक बादल और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।

2 फरवरी को कहीं-कहीं अलसुबह धुंध छाने की संभावना है। इसके साथ एक और पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमीदार हवाओं के प्रभाव से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 3 फरवरी रात से 5 फरवरी के दौरान हवाओं व गरज चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर मध्यम बारिश की भी संभावना बन रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!