हरियाणा के अधिकतर जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने हिसार, नाथूसरी चौपटा, ऐलनाबाद, फतेहाबाद, रानिया, कैथल, नरवाना, नासरसा, टोहाना, कलायत, रतिया, डबवाली, गुहला, पिहोवा, अंबाला, कालका, पंचकूला में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

इन इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, चरखी दादरी को अलर्ट पर रखा है।

हरियाणा का मुरथल सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहा। यहां का AQI 451 दर्ज किया गया। यहां वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खराब है। जींद में AQI 378, गुरुग्राम में 289, भिवानी में 288, फरीदाबाद में 282, बहादुरगढ़ में 270 और रोहतक में 227 दर्ज किया गया। हरियाणा के शहरों के AQI का यह आंकड़ा 16 नवंबर सुबह 6 बजे का है।

उधर, पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। पंजाब-चंडीगढ़ में 17 नवंबर तक कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही आज पंजाब के 18 जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर 16 नवंबर को भी देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, तरनमारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, एसएएस नगर और मलेरकोटला में कोहरा छाए रहने की संभावना है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 17 नवंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील लेकिन शुष्क रहने की संभावना है। 16 नवंबर को पूर्वी हवाएं चलने के कारण बीच-बीच में आंशिक बादल छा सकते हैं और धुंध छा सकती है। इसके बाद 17 नवंबर से फिर से मध्यम गति से उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है और रात के तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!