हरियाणा BJP अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने पार्टी छोड़ने वाले बागियों को भाजपा में एंट्री से साफ इनकार कर दिया है। शुक्रवार को रोहतक पहुंचे बड़ौली ने कहा कि अभी किसी को जॉइन नहीं कराया जाएगा। पार्टी के पुराने नेताओं के अलावा दूसरे दलों के नेताओं को भी शामिल नहीं किया जाएगा।
बड़ौली ने रोहतक स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में सदस्यता अभियान-2024 की मीटिंग में हिस्सा लिया। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया व संदीप जोशी तथा पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर आदि भी उपस्थित रहे।
बड़ौली ने कहा कि पार्टी में पहले साधारण सदस्यता अभियान पूरा होगा। फिर एक्टिव मेंबर बनेंगे। उसके बाद प्रत्येक बूथ की कमेटी का चुनाव होगा। इसके बाद मंडल का चुनाव होगा। फिर जिला और प्रदेश का चुनाव होगा। प्रदेश के बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। तब किसी की जॉइनिंग का कोई कार्यक्रम नहीं होगा।
मोहनलाल बड़ौली ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के विरोध में काम किया है, उन्होंने पार्टी से अपना स्थान तो स्वयं ही खत्म किया है। उनका फीडबैक हमने प्रत्येक विधानसभा से लिया है और सूची तैयार है। भविष्य में जब कोई जिम्मेदारी देने की बात आएगी तो हमारा केंद्रीय नेतृत्व उस पर जरूर विचार करेगा। भीतरघात करने वालों की सूची तैयार कर ली है।
CM नायब सैनी ऐसे नेताओं की एंट्री पर पहले ही फुल स्टॉप लगा चुके हैं जो चुनाव के समय में भाजपा छोड़ दूसरी पार्टियों में चले गए थे। सैनी प्रदेश संगठन से साफ कह चुके हैं कि ऐसे नेताओं की पार्टी में वापसी पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में बागी हुए 8 नेताओं पर भाजपा ने कार्रवाई की थी। उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाला गया था। इनमें बिजली मंत्री रहे रणजीत चौटाला, गन्नौर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले देवेंद्र कादियान, लाडवा से संदीप गर्ग, असंध से जिलेराम शर्मा, सफीदों से बच्चन सिंह आर्य, महम से राधा अहलावत, गुरुग्राम से नवीन गोयल और हथीन से केहर सिंह रावत शामिल हैं।
