रोहतक, 21 अगस्त: महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक ने विद्यार्थियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए हॉस्टल फीस एवं इससे जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई मांगों और चिंताओं के समाधान की दिशा में सक्रिय कदम उठाए हैं।
विद्यार्थियों की चिंताओं का निष्पक्ष एवं विचार-विमर्श के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए माननीय कुलपति ने वरिष्ठ विश्वविद्यालय अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति को हॉस्टल फीस में वार्षिक 10 प्रतिशत वृद्धि के निर्णय की पुनः समीक्षा करने, वर्ष 2022 एवं 2023 में कार्यकारी परिषद द्वारा अनुमोदित हॉस्टल फीस संरचना पर पुनर्विचार करने तथा गरीबी रेखा से नीचे (BPL) श्रेणी के विद्यार्थियों को हॉस्टल फीस में रियायत देने की संभावनाओं पर विचार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस समिति में डीन एकेडमिक अफेयर्स को संयोजक बनाया गया है, जबकि रजिस्ट्रार, प्रॉक्टर, परीक्षा नियंत्रक, चीफ वार्डन (बॉयज), चीफ वार्डन (गर्ल्स) तथा वित्त अधिकारी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति मामले के सभी पहलुओं का गहनता से अध्ययन कर अपनी सिफारिशें विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि वह लगातार विद्यार्थी प्रतिनिधियों के संपर्क में है और उनकी वास्तविक समस्याओं एवं मांगों को सुनने तथा उनका रचनात्मक समाधान तलाशने के लिए संवाद का रास्ता खुला रखा गया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि शैक्षणिक वातावरण में समस्याओं के समाधान के लिए सार्थक संवाद, आपसी समझ और सहयोग बेहद आवश्यक हैं।
एमडीयू के प्रवक्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और एक समावेशी, सहयोगात्मक तथा विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समिति का गठन विश्वविद्यालय की ओर से संतुलित एवं न्यायसंगत समाधान तलाशने के गंभीर प्रयास को दर्शाता है, जिसमें सभी हितधारकों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे रचनात्मक संवाद में भाग लेते रहें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि विद्यार्थियों की प्रत्येक वास्तविक चिंता पर उचित विचार किया जाएगा।
एमडीयू प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन के माध्यम से शैक्षणिक उत्कृष्टता, विद्यार्थी कल्याण और सौहार्दपूर्ण कैंपस वातावरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
