शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने स्वयं शुक्रवार को प्रातः के समय सेक्टर-1, सेक्टर-2, दिल्ली रोड़ तथा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के नागरिकों, दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर सफाई व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई कि वे सफाई कार्य में निगम का सहयोग करें तथा सफाई न होने पर नगर निगम के हेल्प लाईन नम्बर व स्वच्छता ऐप पर शिकायत दर्ज करें तुरंत समाधान करवाया जायेगा। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया जैसे कि सफाई कर्मचारी पहुंचते है या नहीं, कूड़े लेने के लिए गाड़ी प्रतिदिन आ रही है या नहीं आदि। इसके साथ-साथ उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। नागरिकों द्वारा बताई गई विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नागरिकों को नगर निगम की डिजिटल सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया उन्होंने स्वयं नागरिक के मोबाइल फोन में स्वच्छता ऐप डाउनलोड करवाया तथा इसके उपयोग की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से नागरिक सफाई, कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी इत्यादि समस्याओं की शिकायत घर बैठे दर्ज कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी ऑनलाईन मानिटरिंग भी की जा सकती है।
निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि सफाई कार्य का निरंतर निरीक्षण किया जायेगा तथा सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए व प्रत्येक क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होने अधिकारियो को निर्देशित किया कि सफाई कार्य की जांच के साथ-साथ कर्मचारियो की उपस्थिति भी जांची जाये ताकि कार्य को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी तरीके से किया जा सके। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वच्छता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
आमजन से अपील की गई कि अपने घरो, संस्थानो आदि से निकलने वाले कूड़े को एकत्रित करने हेतु डस्टबीन अवश्य रखे। कूड़ा इधर-उधर न फैक कर, उसे नगर निगम की कूड़ा लेने वाली गाड़ी में ही डाला जाये। आमजन की सुविधा हेतु घर-घर से कूड़ा उठान व सफाई कार्य से सम्बन्धित शिकायत नगर निगम, रोहतक कार्यालय के हैल्प लाईन नम्बरो या स्वच्छता ऐप पर डाले – किसी घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा तो शिकायत 7303050200 व 7303050800 व सफाई कार्य न होने पर 18001805007, 8295900992 नम्बरो पर दर्ज करवाये। इसके अतिरिक्त स्ट्रीट लाईट खराब होने पर उसकी शिकायत नगर निगम के स्ट्रीट लाईट शिकायत केन्द्र के दूरभाष 7027845050, 8059988940 पर करें। शिकायतो का समाधान नगर निगम की द्वारा जल्द से जल्द करवाया जायेगा।
