गुरुग्राम पुलिस ने संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों की सूचना पर सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने हरियाणा राज्य महिला आयोग के साथ मिलकर मॉल में चल रहे 18 स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की. यह संयुक्त कार्रवाई रात करीब 10 बजे शुरू हुई और सुबह 3 बजे तक चली. करीब छह घंटे तक चले इस बड़े ऑपरेशन में लगभग 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे. इनमें करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थे.

 छापेमारी के दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं. इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे.

गुरुग्राम पुलिस एसीपी हैडक्वाटर अभिलक्ष जोशी ने बताया कि, “18 स्पा सेंटरों पर एक साथ की गई. कार्रवाई के दौरान 8 स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के सबूत मिले हैं.पुलिस ने कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ भौतिक और दस्तावेजी सबूत भी जब्त किए हैं. अब इन सबूतों की जांच की जा रही है. साथ ही स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य मददगारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.”

अभिलक्ष जोशी ने आगे बताया कि, “छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों में करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौजूद मिले, जिन्हें हिरासत में लिया गया. पुलिस द्वारा महिलाओं से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनकी परिस्थितियों और पूरे मामले में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी हासिल की जा सके.इसके साथ ही मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच और कार्रवाई ACP मुख्यालय-I और विशेष पुलिस अधिकारी की निगरानी में की गई. अब मामले की आगे की जांच SHO थाना खेड़की दौला द्वारा की जाएगी. गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वैध कारोबारी प्रतिष्ठानों की आड़ में संचालित की जा रही संगठित गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख है. मामले में जब्त किए गए सबूतों की जांच और संदिग्ध लोगों की भूमिका की पड़ताल जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!