विशेष गहन समीक्षा (SIR) प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आगामी 10 अक्टूबर ( Jantar Mantar Protest 10 October) को राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की पुरजोर मांग की जाएगी। दिल्ली के इस जमावड़े में हरियाणा से अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने राज्य भर में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू किया है।

झज्जर समेत कई प्रमुख जिलों में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता ऑनलाइन बैठकों के माध्यम से लोगों से सीधा संपर्क साध रहे हैं। दिल्ली कूच की तैयारियों को अंतिम रूप देने और जमीनी स्तर पर लामबंदी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का सहारा लिया जा रहा है।

आंदोलन के प्रचार को रफ्तार देने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले प्रसिद्ध यूट्यूबर ध्रुव राठी (Dhruv Rathee Delhi Protest) और दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है। इस वीडियो में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके भी नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में प्रकाश राज अपने परिचित फिल्मी अंदाज में ‘आली रे आली’ कहते हुए लोगों को लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर जंतर-मंतर जुटने की अपील कर रहे हैं। पार्टी का मानना है कि इन चर्चित चेहरों की अपील से युवाओं और आम लोगों को इस मुद्दे से जोड़ने में आसानी होगी।

इस पूरे सियासी बवाल की जड़ में द इंडियन एक्सप्रेस की वह रिपोर्ट है, जिसमें दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों और सरकारी आदेशों पर रिकॉर्ड स्तर पर कम से कम 14 बार अपनी असहमति और आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, आयोग के कुछ महत्वपूर्ण फैसले दोनों चुनाव आयुक्तों की जानकारी या सिफारिश के बिना ही जारी कर दिए गए थे। इस खुलासे के बाद से ही विपक्षी दल और नागरिक संगठन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।

मुंबई में हुए प्रदर्शन के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके (Cockroach Janata Party Abhijeet Dipke) ने 2 अक्टूबर को ‘एक्स’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए दिल्ली आंदोलन का खाका पेश किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देश भर के कार्यकर्ता 10 अक्टूबर को दिल्ली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

दीपके ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि दिल्ली पुलिस हमें रोकने का प्रयास करती है, तो हमें जिस भी स्थान पर रोका जाएगा, वही हमारे लिए जंतर-मंतर बन जाएगा। हमारा यह आंदोलन पूरी तरह से अहिंसक और शांतिपूर्ण होगा तथा हम महात्मा गांधी के दिखाए सत्याग्रह के रास्ते पर ही आगे बढ़ेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!