करनाल जिले के असंध थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार करने और विश्वासघात का एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। अपने पति से अनबन के बाद दो बच्चों के साथ मायके में रह रही एक महिला को शादी का झांसा देकर दो साल तक देह शोषण का शिकार बनाया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके बच्चों को भी साथ रखने का भरोसा दिया था, लेकिन जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकियां देने लगा।

पीड़िता की तहरीर पर महिला पुलिस थाना असंध में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि पति से विवाद के बाद वह अपने दो बच्चों के संग मायके में रह रही थी। आरोपी गुरजीत का उनके घर सालों से आना-जाना था, जिसके चलते दोनों की आपस में फोन पर बातचीत होने लगी। आरोपी ने उसे झांसा दिया कि वह उससे शादी करेगा और उसके दोनों बच्चों को भी पिता का साया व पूरा प्यार देगा।

शुरुआत में मना करने के बाद आरोपी के बार-बार दबाव बनाने और परिजनों की रजामंदी के बाद महिला उसके साथ रहने को तैयार हो गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी की बहन ने उन्हें एक गांव में किराये का मकान दिलवाया, जहां वह पिछले दो साल से आरोपी के साथ रह रही थी। इस दौरान आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

पीड़िता के अनुसार, जब भी वह गुरजीत पर शादी करने का दबाव बनाती, तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। हाल ही में जब उसने सख्त लहजे में शादी की बात कही, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे धमकी दी कि वह जहां चाहे शिकायत कर ले, पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

आपबीती सुनाते हुए पीड़िता ने कहा कि इस धोखे की वजह से आज उसके बच्चे और माता-पिता भी उससे दूर हो गए हैं और उसकी जिंदगी पूरी तरह तबाह हो चुकी है। महिला ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि यदि भविष्य में उसे या उसके बच्चों को कुछ होता है, तो इसके लिए आरोपी और उसका परिवार जिम्मेदार होगा।

महिला द्वारा 7 अक्टूबर को दी गई शिकायत के आधार पर असंध महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच अधिकारी एलएएसआई (LASI) सुदेश को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी तकनीकी व चिकित्सीय साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच पूरी होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!