तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र की पवित्र धरती का कण-कण गुरुओं के इतिहास, तप और बलिदान की गौरवगाथा समेटे हुए है। यहां पहुंचने वाला हर श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का विशेष अनुभव करता है। शुक्रवार को सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं के जत्थे का भट्टू रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई तथा फूल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।
भट्टू रेलवे स्टेशन पर रतिया विधायक जरनैल सिंह, हरियाणा के पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा सहित प्रशासन की ओर से सीटीएम गौरव गुप्ता व डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर फतेहाबाद जिला से रवाना किया।
यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा: जरनैल सिंह
रतिया विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सिख इतिहास और गुरु परंपरा की जीवंत धरोहर है। यहां की पवित्र धरती गुरु साहिबानों के तप, त्याग और बलिदान की अमर गाथाओं को संजोए हुए है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से आमजन को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना है, ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास और परंपराओं से प्रेरणा ले सके।
विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि भट्टू रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का स्वागत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का जो भाव दिखाई दे रहा है, वह इस यात्रा की महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग की भावनाओं का सम्मान करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब वह पावन स्थल है, जहां दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ज्योति ज्योत समाए थे। यह स्थान विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं सामाजिक समरसता और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दे रही हैं धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा: दुड़ाराम
हरियाणा के पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ का इतिहास साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए दिए गए बलिदानों से जुड़ा हुआ है। यहां पहुंचने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव करता है। यह यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में नई प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि 14 जिलों के 800 से अधिक श्रद्धालुओं का इस विशेष ट्रेन यात्रा में शामिल होना इस योजना की लोकप्रियता को दर्शाता है। सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि सभी श्रद्धालु सहजता और श्रद्धा के साथ अपने दर्शन पूर्ण कर सकें। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता में एकता की भावना ऐसे धार्मिक आयोजनों से और अधिक मजबूत होती है। विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से आए श्रद्धालु एक साथ यात्रा कर देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का संदेश दे रहे हैं। यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है।
सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कर रही हैं कार्य: लक्ष्मण नापा
पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना समाज के हर वर्ग के लोगों को धार्मिक स्थलों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। इस योजना से श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी आस्था और इच्छा पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए धार्मिक आस्था का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि भट्टू रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से उन्हें पवित्र गुरुद्वारों और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
यात्रा हरियाणा सरकार की जनहित और आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल: प्रवीण जोड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना हरियाणा सरकार की जनहित और आस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग की भावनाओं का सम्मान करते हुए सेवा और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से उन्हें पवित्र गुरुद्वारों और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
यहां-यहां करेंगे श्रद्धालु दर्शन
श्रद्धालु इस यात्रा के दौरान तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, गुरुद्वारा नगीना घाट साहिब, बाबा बंदा सिंह बहादुर से जुड़े ऐतिहासिक स्थल तथा माता साहिब कौर जी की तपोभूमि के दर्शन करेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को पवित्र गोदावरी नदी के दर्शन का अवसर भी मिलेगा। धार्मिक स्थलों के भ्रमण से श्रद्धालु सिख इतिहास और गुरु परंपराओं को नजदीक से जान सकेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए उच्च स्तरीय भोजन, ठहरने और चिकित्सा सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए विशेष बसों की व्यवस्था भी की गई है ताकि श्रद्धालु आसानी से सभी गुरुद्वारों और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक और यादगार साबित होगी। श्रद्धालुओं को पहली बार गुरु साहिबानों से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और तपोभूमियों को देखने का अवसर मिल रहा है। इससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से लोगों को जोड़ रही हरियाणा सरकार : दिनेश कुमार
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से ही प्रदेश के श्रद्धालुओं को यह आध्यात्मिक यात्रा संभव हो पाई है। सरकार लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे यादगार धार्मिक यात्राओं में शामिल रहेगी और वे गुरु साहिबानों के संदेश को समाज तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
यह रहे मौजूद :
इस अवसर पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, जसवंत माजरा, ब्लाॅक समिति चेयरमैन अनु सरबटा, वाइस चेयरमैन बंसीलाल, सीताराम पूनिया, ब्रह्मानंद गोयल, कवल चौधरी, सतबीर, संदीप शर्मा मंडल महामंत्री, राधा कृष्ण नारंग, संजय इंदौरा, सोहनलाल नागर, सुभाष कसवा, राकेश भाम्भू, कृष्ण जांगड़ा सरपंच, रमेश रामसरा पूर्व सरपंच, विक्रम शर्मा, मोहन सूच, अमृत पाल, सुभाष नायक, भट्टू नायब तहसीलदार हरीश सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।




