रोहतक, 2 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कृषि विषय का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से रोहतक जिला के गांवों की केस स्टडी तैयार करने की सलाह दी है। वे आज लघु सचिवालय के सभागार में इंटर्नशिप के लिए आए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे।
सचिन गुप्ता ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय के लगभग दो दर्जन विद्यार्थी पिछले दो महीनों से समूह बनाकर जिला के विभिन्न गांवों में कृषि से संबंधित अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक समूह अपने-अपने आवंटित गांव की सर्वोत्तम कृषि कार्य प्रणाली पर आधारित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अध्ययन में यह भी शामिल करना होगा कि किसानों की आय किस प्रकार बढ़ाई जा सकती है तथा फसल उत्पादन की लागत को कम करने के लिए कौन-कौन से व्यावहारिक कदम उठाए जा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भूमि के स्वास्थ्य और भूमिगत जल की गुणवत्ता का आकलन करने पर भी जोर दिया और कहा कि इन कारकों को ध्यान में रखते हुए ही उपयुक्त फसल का चयन किया जाना चाहिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने फसल विविधीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इस दिशा में भी ठोस सुझाव देने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि सभी विद्यार्थी आगामी दो सप्ताह के भीतर अपने-अपने आवंटित गांवों में अध्ययन पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बताया कि वे पांच-पांच के समूह बनाकर अपने-अपने गांवों का नियमित दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे किसानों से सीधे संवाद कर उनकी फसल, बीज, दवा, सिंचाई व्यवस्था आदि से संबंधित जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। साथ ही किसानों की समस्याओं को समझते हुए उन्हें समाधान संबंधी जानकारी भी दी जा रही है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी भी मौजूद रहे।
