उत्तर भारत में तेज बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड के देहरादून में एक कार बरसाती नदी में बह गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, एक लड़की को रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
अल्मोड़ा के उड़यूड़ा गांव में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से आया मलबा एक घर में घुस गया। घर में सो रहे तीन लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई। यहां दीवार गिरने से दो नेपाली मजदूरों की भी जान चली गई।
नैनीताल के भीमताल में नाले के तेज बहाव में बहने से 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के पास झील से भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।
वहीं, केदार घाटी में बारिश के चलते रोकी गई केदारनाथ यात्रा फिर शुरू हो गई है।
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिर गए हैं। बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी में अचानक पानी आने के कारण जाफरगंज पुल के ऊपर 2 फीट से ज्यादा पानी बह रहा है।

