गुरुग्राम में एक महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया है। रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने महिला बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक से गिर गई और बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। टक्कर मारने के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले के वीडियो का स्वत संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया है। पुलिस ने युवती से संपर्क करने के प्रयास किया लेकिन, अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जाएगा।
बाइक सवार युवती की पहचान सिया के रूप में हुई है। सड़क पर गिरने से उन्हें चोटें भी आईं। सिया ने मामले की जानकारी अपने इंस्टग्राम प्रोफाइल पर साझा की है।

सिया के अनुसार, वह रविवार को अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं।
आरोप है कि राइड शुरू होने से ही एक कार में सवार लोग उनका पीछा कर रहे थे। सिया ने कहा कि कार उनके करीब आई और उसमें बैठे लोगों ने बदतमीजी शुरू कर दी।


सिया ने उन्हें दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने उल्टा सिया को बाइक रोकने के लिए कहा। सिया का आरोप है कि कार सवार नशे में लग रहे थे। कुछ देर बाद ही कार ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।
मामले का वीडियो उनकी बाइक पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड हुआ, जो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में कार द्वारा टक्कर मारने और उसके बाद बाइक के घिसटने का पूरा दृश्य साफ दिखाई दे रहा है
सिया ने कार की डिटेल भी शेयर की है। कार का नंबर एचआर30वाई4949 है और आरसी मालिक का नाम मनीष बताया जा रहा है। वहीं गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान ले लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
