रेवाड़ी जिले के कोसली क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। कोसली में नए बस स्टैंड और सब डिपो के भवन का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू होने की उम्मीद है। टेंडर लेने वाली एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। हरियाणा रोडवेज विभाग की ओर से लोक निर्माण विभाग (PWD) को करीब 7 करोड़ रुपये भी ट्रांसफर किए जा चुके हैं। पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 11.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नया बस स्टैंड बनने से कोसली और आसपास के गांवों के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी। फिलहाल स्थायी बस स्टैंड नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
2017 में हुई थी सब डिपो बनाने की घोषणा
कोसली को सब डिपो का दर्जा देने की घोषणा वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक जनसभा के दौरान की थी। हालांकि, घोषणा के बाद लंबे समय तक निर्माण की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। करीब चार साल बाद परिवहन विभाग की ओर से यहां वर्कशॉप का निर्माण कराया गया।
इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने नए बस स्टैंड की मांग उठाई। पुराना बस अड्डा वर्ष 1982 में बनाया गया था और समय के साथ उसकी इमारत जर्जर हो गई थी। पिछले वर्ष पुराने भवन को गिराकर मलबा हटा दिया गया। तब से यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज वर्कशॉप का इस्तेमाल अस्थायी बस अड्डे के रूप में किया जा रहा है।
11.57 करोड़ की लागत से बनेंगे 6 बस बूथ
नए बस स्टैंड में यात्रियों और रोडवेज कर्मचारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण किया जाएगा। इसमें छह बस बूथ, बसों के ठहराव के लिए प्लेटफॉर्म, अधिकारियों के कार्यालय, पार्किंग और कार्यशाला जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
PWD विभाग के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। विभाग का दावा है कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
सब डिपो में स्वीकृत किए गए 92 पद
कोसली सब डिपो के लिए कुल 92 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें स्टेशन सुपरवाइजर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, स्टोरमैन, क्लर्क, कैशियर और अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पद शामिल हैं।
सब डिपो से करीब 50 बसों के संचालन की योजना है। इससे कोसली के यात्रियों को दूसरे जिलों और राज्यों के विभिन्न रूटों पर बस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए हर बार रेवाड़ी बस स्टैंड जाने की जरूरत भी कम हो सकती है।
बस स्टैंड नहीं होने से यात्रियों को परेशानी
हरियाणा रोडवेज यूनियन के प्रधान प्रवीन यादव ने कहा कि सब डिपो का निर्माण लंबे समय से लंबित है। स्थायी भवन नहीं होने के कारण कई रूटों पर बस संचालन प्रभावित होता है और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की।
वहीं, रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा के अनुसार, सब डिपो और बस स्टैंड के निर्माण की जिम्मेदारी PWD विभाग को सौंपी गई है। रोडवेज की ओर से करीब 7 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जा चुके हैं।
PWD विभाग के एक्सईएन सतेंद्र श्योराण ने बताया कि टेंडर की सभी औपचारिकताएं पूरी कर एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास है।
नया बस स्टैंड बनने से कोसली क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने और यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

