सोनीपत। राई क्षेत्र में नौकरी लगवाने के बदले कथित तौर पर कमीशन नहीं देने पर एक युवक के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने युवक को पकड़कर कंप्रेशर के जरिए उसके शरीर में हवा भर दी, जिससे उसकी बड़ी आंत फट गई और ऑपरेशन कराना पड़ा। घटना करीब 14 महीने पुरानी बताई जा रही है।
पहली सैलरी से मांगे थे 13 हजार रुपये
इटावा के इकदिल क्षेत्र के शेखपुर निवासी सतेंद्र ने शिकायत में बताया कि वह सोनीपत के जाखौली में रहता था। आरोप के मुताबिक इटावा के आमथरी गांव निवासी जितेंद्र, राजीव, सुशील और रिंकू ने उसे राई स्थित एक कंपनी में नौकरी लगवाने की बात कही थी।
सतेंद्र का कहना है कि वर्ष 2025 में उसने कंपनी में काम शुरू किया। 30 जून को चारों आरोपी उसके पास पहुंचे और नौकरी लगवाने के बदले पहली सैलरी के 13 हजार रुपये कमीशन के तौर पर देने की मांग की।
मना किया तो किया हमला
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने कहा कि कमीशन देने का कोई वादा नहीं हुआ था। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और चौथे आरोपी ने कंप्रेशर के पाइप का इस्तेमाल कर दबाव से हवा उसके शरीर में भर दी।
हालत बिगड़ने पर सतेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया कि उसकी बड़ी आंत फट गई थी, जिसके बाद उसका ऑपरेशन किया गया।
मामले में पहले इटावा में जीरो FIR दर्ज की गई, जिसे बाद में घटनास्थल के आधार पर सोनीपत की राई थाना पुलिस को भेज दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

