नई दिल्ली/हरियाणा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घर पर चक्कर आने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनके मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।
डॉक्टरों की निगरानी में हुड्डा, MRI भी हुई
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अचानक चक्कर आने के बाद अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। उनकी MRI भी कराई गई है। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट सामने आने की जानकारी नहीं है।
PA ने बताया- तबीयत ठीक है: रिपोर्ट में हुड्डा के निजी सहायक (PA) वीपी धारिवाल के हवाले से बताया गया है कि उनकी तबीयत फिलहाल ठीक है। परिवार की ओर से भी उनके स्वास्थ्य को लेकर राहत की बात कही गई है। हालांकि, अस्पताल में उन्हें कितने समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए थे हुड्डा: सोमवार को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल नहीं हुए थे, जबकि उनके बेटे और रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदर्शन में पहुंचे थे।
