भिवानी के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी लेडी टीचर मनीषा मौत मामले में मंगलवार को गांव में पंचायत हुई। इसमें मनीषा के पिता ने हाथ जोड़ कर ग्रामीणों से गुहार लगाई कि बेटी को न्याय दिलाएं। पंचायत में चर्चा के बाद फैसला लिया गया कि 30 नवंबर को गांव में सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसमें शामिल लोग भूख हड़ताल भी करेंगे। ग्रामीणों की मांग है कि सीबीआई जांच कहां तक पहुंची है, इस पर जानकारी दी जाए।
मनीषा मौत मामले में हुई पंचायत में गांव ढाणी लक्ष्मण सहित आसपास के गांवों से लोग शामिल हुए। मनीषा के पिता संजय ने कहा कि यह पंचायत जांच में तेजी लाने के लिए हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए।काफी समय हो गया, लेकिन सीबीआई भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई। पंचायत के माध्यम से जांच में तेजी लाने और दोषियों को उजागर करके गिरफ्तार करने की मांग रखी गई है।
पंचायत में शामिल किसान नेता सुरेश कौथ ने कहा कि इस मामले की जांच तेज की जाए। हरियाणा सरकार को चाहिए कि वह CBI को कहकर जांच में तेजी हो और सबके सामने सच्चाई भी जल्दी लाई जाए। साथ ही सुझाव दिया कि एक दिन का सांकेतिक धरना दिया जाए। यह धरना सरकार को जांच तेज करने के लिए चेतावनी के लिए किया जाए।
बता दें कि गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी करीब 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की मौत मामले में CBI की जांच जारी है। जो जांच के लिए 3 बार भिवानी आ चुकी है और अपने स्तर पर जांच कर चुकी है। वहीं CBI की टीम 27 अक्टूबर सोमवार को भिवानी से दिल्ली लौट गई। इसके बाद दिल्ली में ही रहकर अपने स्तर पर जांच कर रही है।मनीषा के शव को मिले 91 दिन बीत चुके हैं। वहीं सीबीआई की टीम को भिवानी पहुंचकर जांच शुरू किए भी 70 दिन हो चुके हैं। लेकिन सीबीआई की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशियल जानकारी साझा नहीं की गई।
गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी संजय ने बताया था कि उसकी बेटी मनीषा 11 अगस्त को प्ले स्कूल में ड्यूटी पर गई थी। इसके बार वह नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन के लिए जाने की बात कहकर गई थी। जिसके बाद मनीषा घर नहीं लौटी। इसके बाद 13 अगस्त को मनीषा का शव गांव सिंघानी के खेतों में पड़ा हुआ मिला।इसके बाद परिवार ने हत्या का आरोप लगाया और पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। लोगों ने मनीषा को न्याय दिलाने के लिए धरना प्रदर्शन किया। वहीं 18 अगस्त को पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया। वहीं लोगों का विरोध बढ़ गया। इसके बाद बढ़ते आंदोलन को देखते हुए मनीषा का तीसरी बार दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम करवाया और जांच CBI को सौंप दी।
CBI की जांच शुरू होने के बाद 3 सितंबर को टीम पहली बाद दिल्ली से भिवानी पहुंची थी। इसके बाद लगातार सीबीआई की टीम जांच में जुटी हुई है। इसी जांच के दौरान CBI की टीम 2 बाद दिल्ली लौट चुकी है। वहीं CBI की टीम फिर से तीसरी बार दिल्ली से भिवानी पहुंची है। CBI की टीम मनीषा मौत मामले की जांच कर रही है।
