करनाल शहर में एक ही परिवार के 8 लोगों की तबीयत उस समय बिगड़ गई, जब उन्होंने घर में बना केले का शेक पी लिया। मिली जानकारी के मुताबिक जैसे ही घरवालों ने शेक पिया अचानक सभी को चक्कर आने लगे और कुछ को उल्टी जैसा महसूस हुआ। एक साथ इतने लोगों की हालत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। सभी को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो छोटे बच्चों को गंभीर हालत में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घरौंडा के इंद्राव सिंहके अनुसार उनकी बेटी करनाल में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पास क्वार्टर में रहती है। परिवार के कुछ सदस्य रिश्तेदारी में शोक व्यक्त करने गए हुए थे। इस दौरान उनकी दो बेटियां और पुत्रवधु बच्चों की देखभाल के लिए क्वार्टर में आ गई थी, क्योंकि क्वार्टर खाली था। रात को उन्होंने वहीं केले का शेक बना लिया।

इंद्राव सिंह के अनुसार, जब उनका बेटा ड्यूटी से लौटा, तो उसे भी शेक दिया गया। बेटे ने आधा शेक पीकर बाकी अपनी पत्नी को दे दिया। इसके कुछ समय बाद ही सभी लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई।

इंद्राव सिंह के अनुसार शेक पीने के बाद लोगों को चक्कर आने लगे और उल्टी जैसा महसूस हुआ। छोटे-छोटे बच्चे संभल नहीं पाए और फर्श पर गिरने लगे। घर में मौजूद सभी लोग एक-एक कर बीमार होने लगे। उनके मुताबिक उन्होंने और उनके छह महीने के पोते ने शेक नहीं पिया था, इसलिए वे दोनों सुरक्षित बच गए।

परिवार के लोगों के मुताबिक दूध पड़ोसी के घर से लिया गया था और उसमें कोई दिक्कत नहीं लगी। शक केवल केलों पर जा रहा है, जिन्हें बाजार से खरीदा गया था। रिश्तेदार हरिप्रसाद के अनुसार केलों को किसी केमिकल से पकाया गया हो सकता है, जो शेक में मिलकर शरीर में चला गया।

करनाल के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर आशीष वर्मा के अनुसार कुल 8 मरीज लाए गए थे, इनमें से दो छोटे बच्चों की हालत गंभीर है, जिन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी 6 लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। उनले मुताबिक सभी ने बनाना शेक पिया था, जिसके बाद उन्हें चक्कर आने लगे, हालांकि उल्टी के लक्षण ज्यादा नहीं थे।

फिलहाल सभी मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम मामले की जांच कर रही है कि आखिर शेक में ऐसा क्या था, जिससे एक साथ इतने लोग बीमार हो गए। परिवार और रिश्तेदारों को अब केले में मिलावट या केमिकल के इस्तेमाल का शक है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!