हरियाणा सरकार ने CET एग्जाम के लिए जिला स्तरीय बस अड्डे से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने एवं वापसी की व्यवस्था करने के लिए महाप्रबंधक को निर्देश दिए हैं। हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक ले जाने और वापसी के लिए निशुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
वहीं महिला अभ्यर्थियों के साथ एक पारिवारिक सदस्य को भी सहायक के रूप में फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
राज्य परिवहन द्वारा सुबह के सत्र के लिए 7:30 बजे और शाम के सत्र के लिए दोपहर 12:30 बजे तक अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, परीक्षा केन्द्रों के निकटतम बिंदुओं तक फ्री शटल बस सेवा का संचालन भी किया जाएगा। इस व्यवस्था के लिए रोजाना लगभग 9000 साधारण बसें प्रयोग में लाई जाएंगी। सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि अभ्यर्थी परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक https://hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025/ पर जाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर अग्रिम सीट बुकिंग कर सकते हैं।
26 व 27 जुलाई को सीईटी परीक्षा के चलते अभ्यर्थियों के ले जाने और लाने के लिए बड़ी संख्या में बसें लगाई जाएंगी, जिससे आम यात्रियों के लिए परिवहन सुविधा सीमित रहेगी। सरकार ने कहा कि इन दोनों दिनों में नागरिकों से अपील है कि वे केवल विशेष या जरूरी कार्यों के लिए ही यात्रा करें।
CET के लिए 13.48 लाख ने रजिस्ट्रेशन किया है। परिवहन विभाग लगभग 8000 बसों का इंतजाम करने में जुटा हुआ है। परिवहन विभाग प्रयास कर रहा है कि डिपो अनुसार नजदीक से नजदीक स्थान से अभ्यर्थियों को लाने और ले जाया जा सके।
