गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर क्षेत्र के गांव जाटौला-जोड़ी सांपका से 8 वर्षीय बच्ची रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। बच्ची की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन चार दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी परिवार की 8 वर्षीय सालिया 22 जुलाई की शाम करीब 5 बजे घर से बाहर निकली थी। परिजनों ने बताया कि उसका बड़ा भाई उसे घर छोड़कर गया था। कुछ देर बाद बच्ची घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।
परिवार ने पहले आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और रेलवे स्टेशन के पास उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रात करीब 9:24 बजे डायल-112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
परिजनों के अनुसार, बच्ची का रंग सांवला है और उसकी लंबाई करीब चार फुट है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी उसकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत फर्रुखनगर थाना, डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि आपकी एक छोटी-सी जानकारी बच्ची को उसके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
