पानीपत: पानीपत में एक व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक पर उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने और घर से नकदी व जेवरात चोरी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपी पिछले करीब दो महीने से उसकी गैरमौजूदगी में घर आता था। 6 नवंबर को वह धान बेचने मंडी गया हुआ था। रात को वापस लौटा तो पत्नी घर से गायब मिली और संदूक का ताला टूटा हुआ था।
पति के अनुसार, संदूक में रखे जेवरात, 32 हजार रुपये नकद और 10 जोड़ी कपड़े भी नहीं मिले। शिकायत के आधार पर किला थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पति के पीछे से घर आने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि गांव का एक युवक तांत्रिक का काम करता है। आरोप है कि वह पिछले करीब दो महीने से उसकी गैरमौजूदगी में घर आता था। पति का कहना है कि उसने कई बार आरोपी को ऐसा करने से रोका और पत्नी को भी समझाया, लेकिन इसके बावजूद उसका घर आना जारी रहा।
शिकायत के मुताबिक, कुछ दिन पहले पति ने आरोपी को फिर पत्नी के साथ घर पर देख लिया था। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
मंडी से लौटा तो घर से गायब मिली पत्नी
पति के अनुसार, 6 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह धान बेचने मंडी गया था। इस दौरान उसने पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। रात करीब 9 बजे जब वह घर पहुंचा तो पत्नी वहां नहीं थी। संदूक का ताला टूटा हुआ था।
सामान की जांच करने पर दो जोड़ी पाजेब, चांदी की चार जोड़ी अंगूठियां, चार जोड़ी चांदी की चुटकी, 10 जोड़ी कपड़े और 32 हजार रुपये नकद गायब मिले।
दो साथियों के साथ ले जाने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवक अपने दो साथियों के साथ उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया है। उसने पुलिस से महिला को तलाशने और गायब हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच करने की अपील भी की है।
पुलिस बोली- महिला अपने पिता की बीमारी का पता लेने गई थी
जांच अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला अपने पिता की बीमारी के बारे में पता लेने जाने की बात कहकर घर से गई थी। पुलिस ने गांव पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। फिलहाल पति की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
गुमशुदगी का केस दर्ज, महिला की तलाश जारी
किला थाना पुलिस ने जगीरा की शिकायत पर मुकदमा नंबर 301 दर्ज किया है। जांच अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है। उसके मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

