पानीपत के सेक्टर-40 में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में रहने वाला एक युवक अपनी 17 वर्षीय नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया। नाबालिग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली है और अपने माता-पिता की मृत्यु के बाद बड़ी बहन के साथ पानीपत में रह रही थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती की बड़ी बहन ने दोनों के लापता होने की शिकायत पुलिस को दी। जांच के दौरान जीजा और नाबालिग साली के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई।

सेक्टर-13/17 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक शादीशुदा है और ढाई साल की एक बेटी का पिता बताया जा रहा है।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि माता-पिता की मौत के बाद उसने और उसके पति पवन ने उसकी छोटी बहन को अपनी बेटी की तरह पाला-पोसा। वह कई वर्षों से उनके साथ रह रही थी। महिला के अनुसार उसे इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि उसके पति और छोटी बहन के बीच प्रेम संबंध विकसित हो चुके हैं।

महिला ने बताया कि पिछले कुछ समय से जब भी वह अपनी बहन को वापस गांव भेजने की बात करती थी, उसका पति इस बात का विरोध करता था। वह अक्सर कहता था कि यदि लड़की गांव चली गई तो वह भी घर छोड़ देगा। पति के इस व्यवहार पर उसे संदेह तो होता था, लेकिन वह उनके बीच चल रहे संबंधों से अनजान थी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक पति के बदले हुए व्यवहार और आत्महत्या जैसी बातें करने के कारण वह पिछले चार दिनों से रातभर जागकर उस पर नजर रख रही थी। उसे डर था कि कहीं पति कोई गलत कदम न उठा ले। लेकिन 16 जून की रात थकान के चलते उसकी आंख लग गई। आरोप है कि इसी दौरान उसका पति नाबालिग साली को साथ लेकर घर से फरार हो गया।

सुबह दोनों के घर से गायब मिलने पर महिला ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस फरार युवक तथा नाबालिग लड़की का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!