हरियाणा के रेवाड़ी जिले में नेशनल हाईवे-11 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रेवाड़ी के धामलावास आईटीआई के पास रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जब स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गई। वाहन में सवार पति, पत्नी और उनका इकलौता बेटा मौके पर ही दम तोड़ बैठे। हादसे के बाद वाहन के अंदर शव फंस गए, जिन्हें गैस कटर और हाइड्रा मशीन की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान रेवाड़ी जिले के गांव बोडिया कमालपुर निवासी ब्रजमोहन (40), उनकी पत्नी अनीता (38) और बेटे निमेष (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजमोहन एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं। परिवार अपने बेटे के कोचिंग एडमिशन के सिलसिले में सीकर गया हुआ था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत से खुलवाया।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भेज दिया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!