गुरुग्राम की खांडसा अनाज मंडी में रविवार सुबह मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में एक फ्रूट आढ़ती ने व्यापारी पर सुआ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी व्यापारी पर हमला करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार शिवाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित खांडसा अनाज मंडी में फ्रूट व्यापारी भारत भूषण फलों से लदा ट्रक पार्क करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी दुकान के अनार आढ़ती जय भगवान ने ट्रक दूसरी तरफ लगाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्से में आए जय भगवान ने दुकान के अंदर रखा सुआ निकाल लिया और भारत भूषण के पेट व छाती पर कई वार कर दिए। हमला होते ही मंडी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आरोपी को अलग किया और घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हुई।
घटना का करीब दो मिनट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच पहले बहस और फिर मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में आरोपी अचानक नुकीला हथियार निकालकर हमला करता नजर आ रहा है, जबकि आसपास के लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं।
मृतक के भाई आशु ने बताया कि भारत भूषण अपनी पार्किंग में गाड़ी लगा रहे थे। वहां अनार के बॉक्स रखे थे, जिन्हें हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि जय भगवान ने पहले उनके पिता के साथ मारपीट की और फिर भारत भूषण पर जानलेवा हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
